सरपंच कह रहे इस सरकार के साथ रहे तो चुनाव हार जाएंगे-राज सिन्हा

झारखंड (धनबाद) विधायक राज सिन्हा ने की पत्रकारों से चर्चा

अंबिकापुर। भाजपा प्रदेश संगठन के विधायक प्रवास कार्यक्रम के तहत अंबिकापुर विधानसभा के डेढ़ हफ्ते के प्रवास की समाप्ति पर झारखंड (धनबाद) विधायक राज सिन्हा ने शहर के संकल्प भवन बीजेपी कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायक प्रवास कार्यक्रम की रचना से उन्हें अंबिकापुर विधानसभा में समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क करने के लिए भेजा गया था। उन्हें गांव के पंच, सरपंच से लेकर शहर में पार्षदों, वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों, सहकारी समिति के सदस्यों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, धार्मिक गुरुओं के साथ ही सामाजिक नेताओं तथा समाजसेवियों सहित समाज के सभी वर्गों से संपर्क कर बातचीत करने का अवसर मिला। अंबिकापुर विधानसभा के हर क्षेत्र को टच करने का उन्होंने प्रयास किया, जितने भी लोगों से वे जाकर मिले सबका एक ही कहना है, यहां जो सरकार चल रही है वो झूठी सरकार है। सरकार ने 36 गढ़ में 36 वादे किए पर काम एक भी नहीं किया। ग्राम पंचायत के लोगों ने कहा जो गांव में थोड़ा-बहुत काम दिख रहा है, वो रमन सरकार के 15 वर्षीय कार्यकाल में हुआ है। व्यापारियों ने कहा भूपेश सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, बेतहाशा बिजली बिल से लोग परेशान हैं। गौठान में न गाय है ना गोबर, कोई वर्ग ऐसा नहीं है जो इस सरकार से त्रस्त न हो। उन्होंने स्थानीय विधायक व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विकास पुरुष के रूप में मुख्यमंत्री बनाने के लिए झोली भर-भर के वोट दिया, परंतु वही जनता अब खुद को ठगा महसूस कर रही है। भूपेश और सिंहदेव एक-दूसरे को पटखनिया देने में विकास बाधित कर दिए। जनता कह रही है चार साल तो स्थानीय विधायक के दर्शन नहीं हुए अब फिर से वो जनता को ठगने आ रहे हैं, परंतु इस बार जनता सचेत व जागरूक है। उन्होंने कांग्रेस से बीजेपी में आए सुखरी सरपंच का जिक्र करते हुए कहा कि सरपंच अपने समर्थकों सहित भाजपा में इसलिए आए क्योंकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पंचायतों में कोई काम नहीं हुआ। यदि वो कांग्रेस के साथ रहते तो अपना चुनाव भी हार जाते। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री की आपसी लड़ाई में क्षेत्र की उपेक्षा हो रही है, अब कांग्रेस जनता के मन से उतर चुकी है। बीजेपी इस बार बड़े अंतर से चुनाव जीतने जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा, भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, भाजपा जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *