पीएम मोदी का अम्बिकापुर में स्वागत है, किन्तु गांधी स्टेडियम की बर्बादी का विरोध करता हूं: टी.एस. सिंह देव

अम्बिकापुर/ गांधी स्टेडियम में हैलीपैड के निर्माण को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच अम्बिकापुर के पूर्व विधायक एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने कलेक्टर सरगुजा को एक पत्र लिख कर हैलीपैड कहीं और बनाये जाने का आग्रह किया है। ज्ञात हो कि पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव इन दिनों पारिवारिक कार्यों से मुम्बई में हैं और कल शाम से ही अम्बिकापुरवासियों का लगातार कॉल और मैसेज गांधी स्टेडियम को लेकर उनको मिलता रहा है, कई लोगों ने फोटो भी उपलब्ध कराते हुए गांधी स्टेडियम को संरक्षित करने की मांग की है। इसके बाद पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने कलेक्टर सरगुजा को जनभावनाओं से अवगत कराते हुए स्टेडियम को राजनीतिक कार्यक्रम से दूर रखने की मांग की है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने पत्र में कलेक्टर को लिखा है कि विभिन्न खेलों से जुड़ें खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों, खेल संगठनों एवं आमजनों ने मुझे यह जानकारी दी है कि गांधी स्टेडियम में हैलीपैड बनाने काफी मात्रा में निर्माण सामग्री गिराई गई है। पूर्व में राजनीति से ऊपर उठ कर हम सबने दिवंगत भाजपा नेता स्व. रविशंकर त्रिपाठी के पहल पर गांधी स्टेडियम को केवल खेल गतिविधियों के लिये अधिकृत किया था, जिसका नगरवासी स्वयं पालन करते रहे हैं। इसके बावजुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम हेतु यहां पर हैलीपैड का निर्माण कराया जाना सर्वधा गलत है।
टीएस सिंहदेव ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण नहीं कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि मैं अम्बिकापुर आगमन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करता हूं, किन्तु राजनीतिक उपयोग हेतु खेल गतिविधियों के एकमात्र केन्द्र गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण सर्वधा गलत है, मैं इस पर अपना विरोध दर्शाता हूं। यह आमजनों, युवाओं और खिलाड़ियों के लिये सुबह-शाम खेलकुद का स्थान है और काफी संख्या में आमजन सुबह-शाम वॉकिंग के लिये भी आते हैं। ऐसे में इसका राजनीतिक कार्य के लिये उपयोग सही नहीं है।
हालांकि सुबह से ही गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण चल रहा है और टीएस सिंहदेव ने उसके फोटो ग्राफ सहित गुगल मैप का उपयोग करते हुए फोटों भी अपने फेसबुक पेज एवं अन्य सोशल मिडिया हैंडल पर डाला है और बताया है कि शहर में कम से कम 5 हैलीपैड पहले से हैं, इसके बावजुद गांधी स्टेडिमय को बर्बाद किया जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *