मोदी देश के नहीं अडाणी के प्रधानमंत्री हैं-राधिका खेड़े

राजीव भवन में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता पत्रकारों से हुई रूबरू

अंबिकापुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए लोकसभा चुनाव 2024 को ‘भीषण चुनाव’ की उपमा दी और कहा कि पूरे देश में यह चुनाव हार-जीत का नहीं बल्कि संविधान को बचाने के लिए है। भारतीय जनता पार्टी के नगीना लगातार अलग-अलग जगहों से इस बात को बल दे रहे हैं कि हमें 400 पार सीटें जीतनी हैं, क्योंकि इन्हें संविधान बदलना है। ऐसे में यह लड़ाई हर वर्ग के लिए भारतीयता बचाने और उसके गौरव को बचाने की है, जो हमें पूर्वजों ने दिया है। कांग्रेस संविधान की रक्षक है। हजारों लाखों क्रांतिकारी जब देश के लिए शहीद हुए तब हमारा देश आजाद हुआ। संविधान से हमें समानता का अधिकार मिला। अब लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी अपने मित्र अडानी, अम्बानी सहित अन्य को देश बेचने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। मोदी देश के नहीं अडानी के प्रधानमंत्री हैं। देश को महिला राष्ट्रपति देने की बात करने वाले मोदी हमेशा उनका अपमान करते आए हैं। प्रोटोकॉल के विपरीत इनका आचरण आ चुका है। उन्होंने कहा अबकी बार 400 पार सिर्फ भाजपा का ख्वाबाई नारा है, असलियत ये है कि वे 150 पार भी नहीं कर रहे हैं। चार जून को पूरे देश में कांग्रेस पार्टी की, इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस ने सरगुजा को युवा प्रत्याशी शशि सिंह दिया है, जो एक आदिवासी महिला हैं। वे बड़ी निडरता के साथ सरगुजा की बात दिल्ली तक ले जाने का काम करेंगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने आगे कहा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान इसीलिए बदलना चाह रहे हैं क्योंकि उन्हें आरक्षण हटाना है, लोगों से उनके विरोध करने का हक छीनना है। सब कुछ अड़ानी अंबानी को बेच देना है। मीडिया को बंद करना है कि ताकि वह भी सवाल ना उठा सके। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी अपना मैनिफेस्टो जारी करती है, जिसमें 48 बार फोटो नरेंद्र मोदी का आता है वहीं कांग्रेस के मैनिफेस्टो में राहुल गांधी जी का मात्र तीन बार फोटो आता है। ऐसा लगता है कि भाजपा का मैनिफेस्टो नहीं मोदी का फोटो एल्बम हो। मैनिफेस्टो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि 30 लाख नौकरियां देने का, सारे रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना दिया जाएगा ताकि वे घर-परिवार चलाने में सहभागी बन सकें। नरेंद्र मोदी, भाजपा के मैनिफेस्टो में नौकरियों का जिक्र ही नहीं हैं। भाजपा का पूरा मैनिफेस्टो सन 2047 पर आधारित है। वे जनता से अगले 5 साल की नहीं सीधे 2047 मतलब 23 साल बाद की बात वे कर रहे हैं। 20-22 वर्ष का नौजवान 23 साल बाद रिटायरमेंट के करीब आने पर रोजगार के लिए भटकेगा। नरेंद्र मोदी खुद 74 साल के हैं लेकिन अभी भी पांच साल और काम करने की बात कहने में लगे हैं। दूसरी तरफ वे देश के जवानों को 18 साल की उम्र में अग्निवीर बनाकर 22 साल की उम्र में रिटायर कर रहे हैं।

इसका तात्पर्य हुआ कि 75 वर्ष के नरेंद्र मोदी काम करने के लिए उपयुक्तत है और 22 साल का सीमा में खड़ा नौजवान काम के लिए उपयोगी नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस योजना को समाप्त करेगी। कांग्रेस टेम्पररी नहीं, परमानेंट रोजगार मुहैया कराएगी। भाजपा किसानों के नाम पर जुमलेबाजी कर रही है। एमएसपी पर लीगल गारंटी नहीं दे रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों को जीएसटी से मुक्ति के साथ एमएसपी की लीगल गारंटी दे रही है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश को लागू करके किसानी से संबंधित चीजों को जीएसटी के दायरे से दूर किया जाएगा। कर्ज माफी के लिए अलग से आयोग बनाया जाएगा। मोदी सरकार तो किसानों पर गोलियां चलवा दी, उनपे आंसू गैस के गोले छुड़वा दिए। तीन काले कानून लेकर आ गए। काले कानूनों को लेकर लड़ाई लड़ने के लिए आजाद भारत ने सबसे बड़ा किसान आंदोलन देखा, जिसमें हमारे 800 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। मनरेगा की शुरुआत के बाद से इसकी मजदूरी में बहुत कम वृद्धि देखने को मिली है। इस योजना के तहत दी जाने वाली मजदूरी भारत के 35 में से 34 राज्यों में न्यूनतम मजदूरी दर से भी नीचे चली गई है। मजदूरी की असमानता को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी देशभर में मनरेगा के तहत मिलने वाली मजदूरी को 400 रुपये प्रतिदिन बढ़ाने की न्यूनतम गारंटी का वादा सरकार आते ही पूरा करेगी। साथ ही सामाजिक-आर्थिक और जातिगत जनगणना सरकार बनते ही कांग्रेस पार्टी करवाएगी। बिना भेदभाव के सभी जातियों और समुदायों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए नौकरी और शैक्षणिक संस्थानों में 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा।

रेणुका पांच साल जनता से दूर रहीं
भाजपा से सरगुजा सांसद रहीं रेणुका सिंह पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि वे हमेशा ही क्षेत्र से गायब रहीं। पांच साल जनता के सुख-दुख में सहभागी नहीं रहीं। संसद में आज तक एक शब्द नहीं बोली, ना ही जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रहते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के लिए कुछ किया। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, प्रवक्ता आशीष वर्मा, अनुपम फिलिप, दिनेश शर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा, युकां जिलाध्यक्ष विकल झा, रजनीश सिंह, अविनाश, विकास शामिल रहे।

सरकार बनते ही काट दिया जंगल
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही हसदेव का जंगल कोयला खनन के लिए काट दिया गया। भाजपा ने सबसे पहला काम राजस्थान को बिजली प्रदान करने के लिए जंगल काटने का किया। यह सब सरकार ने अपने मित्र अड़ानी के लिए किया। 500 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर मिलने का इंतजार छत्तीसगढ़ के लोग कर रहे हंै। महतारी वंदन योजना की पहली किश्त का इंतज़ार आज भी 70 प्रतिशत महिलाओं को है। छत्तीसगढ़ में जरूरतमंदों के लिए संचालित कई योजनाओं को बंद कर दिया गया। इनके सांसद प्रत्याशी चिंतामणि महाराज के क्या कहने, वो अपनी चिंता दूर करने के लिए भाजपा के वाशिंग मशीन में धुल गए, जिनका नाम ईडी के कोल स्कैम के 24 लोगों में शामिल था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *