बस्तर के साथ अब सरगुजा में भी टारगेट किलिंग की साजिश-अनुराग सिंहदेव सूरजपुर पुलिस रेत माफियाओं, दोषी अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में भैयाथान के युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह पर किए गए हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार ने बस्तर में भाजपा के नेताओं की टारगेट किलिंग के साथ अब सरगुजा में भी भाजपा नेताओं पर प्राणघातक हमले का ठेका माफिया को दे दिया है, घटना में जिस तरह से अमन एवं अन्य तीन भाजपा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला किया गया वो बेहद शातिराना था। बाइक से जा रहे इन लोगों पर पहले तो रेत माफियाओं द्वारा वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई, जब वे गिर गए तो रॉड लाठियों से उन्हें बेरहमी से पीटा गया। रेत माफियाओं की गाडिय़ों से प्रशासनिक संरक्षण में रेत परिवहन तो खुले आम इस सरकार में हो रहा है, किंतु आपत्ति करने वाले भाजपा नेताओं को जान से मारने की कोशिश अब यह सिद्ध करने के लिए पर्याप्त है कि माफियाओं को कांग्रेस सरकार में किस हद तक छूट दी गई है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांग्रेस कितनी भी साजिश कर ले, भाजपा डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा है हमने इमरजेंसी में तानाशाही का डटकर मुकाबला किया। दमनकारी कांग्रेस को उखाड़ कर फेंक दिया। छत्तीसगढ़ की पहली हिटलरशाही कांग्रेस को उखाड़ दिया था और अब छत्तीसगढ़ के दूसरे तानाशाह भी अपने अंजाम के आभास से इतना बौखला गए हैं कि कहीं माओवादियों से हमारे नेताओं की हत्या कराई जा रही है, तो कहीं कांग्रेस पोषित माफिया से हमारे नेताओं की जान लेने के इरादे से हमले कराए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र खतरे में है। आम जनता खतरे में है। विपक्ष के नेता कार्यकर्ता खतरे में हैं। दहशत फैलाकर लोकतंत्र को दबाया जा रहा है। कांग्रेस अच्छी तरह समझ ले कि भाजपा आपकी तरह कायरों की पार्टी नहीं है। भाजपा का मुकाबला सामने से नहीं कर पा रहे तो अराजक ताकतों के कंधे इस्तेमाल कर रहे हैं। भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी। बुझने के पहले जैसे दिया भभकता है कांग्रेस भी वैसे ही भभक रही है।
भूपेश सरकार लोकतंत्र विरोधी साजिश कर अपने ताबूत में कीलें ठोक रही
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस वह षड्यंत्रकारी पार्टी है, जिसके विधायक अपने ही मंत्री से जान का खतरा बताते हैं। यह पार्टी राजनीतिक जीत के लिए घिनौनी से घिनौनी साजिश रच सकती है। इसका प्रमाण है अब तक जो खूनी खेल बस्तर में चल रहा है, वही अब सरगुजा में शुरू हो गया है। भाजपा जनता के सहयोग से इस साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने तैयार है। हमारे एक-एक कार्यकर्ता ने संकल्प ले रखा है कि हर जोर-जुल्म की टक्कर में ऐसा संघर्ष करेंगे कि दमन की सरकार भरभरा कर गिर जाएगी और विकास व अमन की भाजपा सरकार आएगी। भूपेश बघेल सरकार लोकतंत्र विरोधी साजिश करके अपने ताबूत में कीलें ठोक रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *