शरीर को स्वस्थ बनाने के लिए योग, व्यायाम, खेल और शारीरिक श्रम जरूरी-ललन प्रताप

केआर टेक्निकल कॉलेज में फिट इंडिया कार्यक्रम का भाजपा जिला अध्यक्ष ने किया शुभारंभ

Meअंबिकापुर। केआर टेक्निकल कॉलेज अंबिकापुर में भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आइक्यूएसी और स्पोर्ट्स क्लब के द्वारा 3 से 9 जनवरी तक चलने वाले फिट इंडिया कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह और विशिष्ट अतिथि पार्षद आलोक दुबे थे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन, महाविद्यालय की डायरेक्टर रीनू जैन, प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा, स्पोर्ट्स अधिकारी रजत सिंह, सभी विभागों के विभाग प्रमुख, सभी सहायक प्राध्यापक, कार्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
एक हफ्ते तक चलने वाले इस आयोजन में फिट इंडिया वीक से जुड़े हुए विभिन्न कार्यक्रम पोस्टर, वाद विवाद, निबंध, रंगोली, खो-खो, क्रिकेट, शतरंज, कबड्डी, दौड़ के साथ अन्य कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के फिट इंडिया के इस साप्ताहिक कार्यक्रम का आयोजन 09 जनवरी तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी फिट इंडिया का कार्यक्रम चल रहा है। हम अपना एनुअल स्पोर्ट्स डे मना रहे हैं। उन्होंने फिट होने का गुरु मंत्र देते हुए सभी छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन शैली के लिए संकल्प दिलाया, साथ ही प्रतिदिन 30 मिनट व्यायाम करने और सभी माध्यमों से फिट रहने की बात कही। छात्र-छात्राओं को फिट इंडिया का शपथ भी दिलाया गया। विशिष्ट अतिथि आलोक दुबे ने पूरे महाविद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अगर विद्या प्राप्त करना है तो शरीर को स्वस्थ रखना होगा। आज का दौर प्रतिस्पर्धा का है, इसमें सफलता और लाभ प्राप्त करने के लिए तन और मन दोनों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है, तभी हम जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। पूर्व में भी इस कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं खेल में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी क्वालिफाइड हुए हैं और पुरस्कृत होकर लौटे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ललन प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में पूरे महाविद्यालय परिवार को इस आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि यह उनके लिए हर्ष का विषय है कि फिट इंडिया के तहत सभी को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का उपाय बताया जाता है और अभ्यास कराया जा रहा है। भारतीय खेल विकास प्राधिकरण के तहत सौभाग्य की बात है कि हमें भारत को फिट करने के अभियान में जोड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आगे उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात से उदाहरण देते हुए बताया कि कई चीजों को यह मान लिया जाता है कि ये पुराने हैं तो अमान्य है। लकड़ी का बना हुआ मुग्दक जिसे पहलवान दोनों हाथ से उठाते हैं और शरीर को स्वस्थ बनाते हैं यह पूर्णतया वैज्ञानिक है। उन्होंने बताया योग, व्यायाम, खेल और शारीरिक श्रम के माध्यम से हम सभी अपने शरीर को स्वस्थ बना सकते हैं। आप सभी भारत के भविष्य हैं, यदि आप स्वस्थ होंगे तभी भारत स्वस्थ रहेगा। अंत में महाविद्यालय के उपाध्यक्ष राहुल जैन ने कार्यक्रम को सफल बनाने और बच्चों का मार्गदर्शन कर मनोबल बढ़ाने के लिए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्त ने किया।

दौड़ में ये रहे प्रथम, द्वितीय और तृतीय
स्पोर्ट्स अधिकारी रजत सिंह ने 100 मीटर 200 मीटर और 400 मीटर में भाग लेने वाले एस-1, एस-2, एस-3 और एस-4 के प्रतिभागियों को दौड़ के लिए आमंत्रित किया। 100 मीटर पुरुष वर्ग दौड़ के विजेता प्रतिभागी एस-3 ग्रुप से कामता शाह प्रथम, एस-4 से सोमनाथ द्वितीय, एस-2 से खेमनाथ तीसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर महिला वर्ग के विजेता प्रतिभागी एस-4 ग्रुप से अनीशा प्रथम, एस-3 ग्रुप से संजना द्वितीय तथा एस-1 ग्रुप की अंजलि सिंह तृतीय स्थान रही। 200 मीटर पुरुष वर्ग के विजेता प्रतिभागी एस-2 ग्रुप के अजय प्रथम, एस-3 ग्रुप के जसवंत द्वितीय तथा एस-1 ग्रुप के चंद्रिका तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर महिला वर्ग के विजेता प्रतिभागी एस-4 ग्रुप की कांक्षा प्रथम, एस-1 ग्रुप की ममता द्वितीय तथा एस-3 ग्रुप की रेखा तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर पुरुष टीम के विजेता प्रतिभागी एस-3 ग्रुप से विमल प्रथम, एस-4 ग्रुप से सोमनाथ द्वितीय तथा एस-2 ग्रुप से चंद्रमणि मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर महिला वर्ग टीम की विजेता प्रतिभागी एस-3 ग्रुप से आरती सिंह प्रथम स्थान, एस-1 ग्रुप से ममता द्वितीय स्थान एस-4 ग्रुप से पारुल तृतीय स्थान पर रही। सभी पुरस्कृत छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *