सुहागिनों ने तीज व्रत कर मांगा अखंड सौभाग्य

अंबिकापुर। हरितालिका तीज पर्व सोमवार को महिलाओं ने भक्तिभाव से मनाया। अखंड सौभाग्य की कामना का पावन व्रत तीज महिलाओं के लिए खास महत्व रखता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कभी माता पार्वती ने भगवान शंकर के लिए इस व्रत को किया था। सुबह से ही महिलाएं तीज व्रत की तैयारी में लगी थी। पर्व को देखते हुए घर-घर में पकवान, गुजिया बनाए गए। इसके बाद स्नान कर पूजार्चना की गई। इस पर्व में महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार भादो मास के शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि को यह पर्व मनाया जाता है। नारी के सौभाग्य की रक्षा करने वाले इस व्रत को सुहागिन महिलाएं अक्षय सौभाग्य और सुख की कामना के लिए करती हैं। इस पर्व में बालू से भगवान शंकर, गणेश और पार्वती की प्रतिमा बनाकर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की।
आज से होगी गणपति बप्पा मोरया की गूंज
दस दिवसीय गणपति उत्सव का शुभारंभ मंगलवार से होगा। घरों और पंडालों में भगवान गणपति की स्थापना के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। दस दिन तक आराधना के बाद अनंत चतुर्दशी को भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। सोमवार को लोग गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाओं को स्थापना के लिए ले गए। पंडाल को अंतिम सज्जा देने का काम देर रात तक जारी रहा। मंगलवार को गणेश प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना कर पूजा की जाएगी। पंडालों में 10 दिन तक गणपति बप्पा मोरया की गूंज होती रहेगी। गणेश पूजन को लेकर लोगों में असीम उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *