उपमुख्यमंत्री सिंहदेव अंबिकापुर के बूथ क्र 127 अनुभाग पैलेस पारा के प्रभारी नियुक्त, राजीव भवन में बकायदा उन्हें नई जवाबदेही का पत्र सौंपा गया

उपमुख्यमंत्री सिंहदेव अंबिकापुर विस के बूथ क्रमांक-127 अनुभाग पैलेस पारा के प्रभारी नियुक्त
राजीव भवन में बकायदा उन्हें नई जवाबदेही का पत्र सौंपा गया
अंबिकापुर। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अंबिकापुर विधानसभा के बूथ क्रमांक 127 के अनुभाग पैलेस पारा का अनुभाग प्रभारी नियुक्त किया है। पूरे कांग्रेस संगठन के अंतर्गत सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की इस पहल व उपमुख्यमंत्री श्री सिंहदेव द्वारा इसकी स्वीकारोक्ति को संगठन की मजबूती की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसकी चर्चा पीसीसी की बैठक में भी हुई है। कांग्रेस पार्टी के सांगठनिक ढांचे में अनुभाग किसी कार्यकर्ता के कार्यक्षेत्र का प्रारंभिक पायदान होता है। जिला कांग्रेस कमेटी ने काफी सोच-विचारकर उपमुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि बड़े से बड़े पद पर प्रतिष्ठित व्यक्ति को पार्टी के आधार लाइन पर कार्य करने में संकोच नहीं करना चाहिए। अनूठी पहल की शुरुआत के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंबिकापुर शहर हेमंत सिन्हा के समक्ष प्रस्ताव रखा था। इस पर परस्पर सहमति से उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति की गई। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपरांत राजीव भवन में बकायदा उन्हें नई जवाबदेही का पत्र सौंपा गया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। बता दें कि अंबिकापुर विधानसभा के कुल 282 मतदान केंद्रों में 2298 अनुभाग हैं, इनमें से बूथ क्रमांक 127 अंतर्गत पैलेस पारा भी है। यह क्षेत्र उपमुख्यमंत्री का गृहक्षेत्र भी है। पार्टी के नियमानुसार इस नई जवाबदेही के तहत उपमुख्यमंत्री को उनके अनुभाग अंतर्गत निवास करने वाले मतदाताओं से पार्टी के लिए सीधे संपर्क करना होगा। निश्चय ही उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के कद का नेता अपने क्षेत्र के मतदाताओं से घर-घर जाकर सीधा संपर्क करेगा, तो इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। इस नियुक्ति के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे है। पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि अनुभागों में कार्य करने हेतु सामने आ रहे हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुभाग स्तर पर सक्रिय होने का लाभ निश्चय ही आने वाले चुनाव में पार्टी को मिलेगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *