चालू सत्र में लंबी शीतकालीन वर्षा का नया रिकॉर्ड बना, 30 अप्रैल को दिन भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी से दैनिक तापमान का रिकार्ड न्यूनतम हुआ


अंबिकापुर- वर्ष 2022-23 में नगरीय मौसम कुछ विचित्रता परिलक्षित कर रहा है। पिछले दिनों इस सत्र में 140 दिनों की लंबी शीतकालीन अवर्षा का नया रिकॉर्ड बन चुका है। शीत काल में पछुआ हो या खाड़ी में उत्पन्न व्यवधान हो, वे सरगुजा के बड़े क्षेत्र में अप्रभावी रहे थे। इस लंबी अवधि की अवर्षा का यह रिकॉर्ड, मार्च में सात-आठ तारीख को महज 0.2 मिलीमीटर की वर्षा के साथ विराम पर आ गया था। इसके बाद मार्च के उत्तरार्ध में चार त्वरित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुल 30.3 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। विक्षोभ अप्रैल के प्रारंभ के कुछ दिनों तक प्रभावी रहा था। अप्रैल के शुरुआती तीन दिनों में नगर में 9.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी, इसके बाद एक बार फिर विक्षोभ प्रभावहीन हुआ और तापमान में वृद्धि होने लगी। अप्रैल के प्रारंभिक अधिकतम तापमान जो 29-39 डिग्री सेल्सियस तक था वह क्रमश: बढ़ता हुआ 18-19 अप्रैल तक इस वर्ष के उच्चतम अधिकतम मान 39.8 डि.से. तक पहुंच गया था। इसी के अनुपात में न्यूनतम तापमान भी उत्तरोत्तर बढ़ता हुआ 25 डि.से. के आसपास पहुंच चुका था।
मौसम विज्ञानी अक्षय मोहन भट्ट ने बताया इस समय प्रचंड गर्मी के कयासों के बीच एक बार फिर से पछुआ का आक्रमण ईरान, ईराक, अफगानिस्तान, पाकिस्तान के मुहाने उत्तर भारत की ओर से प्रभावी होने लगा। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े के प्रारंभ में ही बादलों की आवाजाही से दैनिक तापमानों में विचलन का क्रम प्रारंभ हो चुका था। तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ही पछुआ की रिमझिम बूंदों के साथ तेज हवाएं, अंधड़, ओलावृष्टि की कुछ घटनाएं सरगुजा संभाग में दर्ज की गई थी। एक के बाद एक चार से पांच विक्षोभों के कारण तापमान का ग्राफ गिरते चला गया और नियमित बादलों की उपस्थिति, हवाओं की दिशा की अनियमितता और खाड़ी से नमी प्रवाह ने पछुआ की हवाओं की गतिज ऊर्जा का शक्तिवर्धक बन गया। रविवार 30 अप्रैल को दिन भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। घने बादलों के कारण सूर्य की किरणें वायुमंडल के ऊपर ही सिमटी रहीं, जिससे दैनिक तापमान अपने रिकार्ड न्यूनतम स्तर पर चला गया। अंबिकापुर के आंकड़ों के विश्लेषण से ज्ञात होता है कि विगत आधी सदी में 30 अप्रैल को अब तक अधिकतम तापमान का न्यूनतम मान का रिकॉर्ड 1969 में दर्ज किया गया था जो 30.0 डि.से. था। इस वर्ष 30 अप्रैल को नगर का अधिकतम तापमान अब तक के ज्ञात अधिकतम तापमान के आंकड़ों के न्यूनतम रिकार्ड मान तक पहुंच गया। कल नगर का अधिकतम तापमान 27.5 डि.से. दर्ज किया गया। कुछ ऐसी ही विचित्रता न्यूनतम तापमान में भी परिलक्षित होती है। अब तक न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो एक मई की तारीख में सबसे न्यून तापमान 19.5 डि.से. सन 1990 में दर्ज हुई थी। न्यूनतम का यह रिकॉर्ड भी एक मई 2023 के न्यूनतम तापमान 16.8 डि.से. के साथ टूटकर एक मई की सबसे ठंडी रात के होने का नया रिकॉर्ड कायम कर चुका है। एक मई को अधिकतम तापमान दैनिक सामान्य तापमान से 11 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
01.05.23 को तापमान पर एक नजर
अधिकतम तापमान-27.5 डि.से.
न्यूनतम तापमान-16.8 डि.से.
वर्षा-3.0 मिलीमीटर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *