चाकू की नोक पेट के आंत तक पहुंची, चिकित्सकों की टीम ने बचाई जान

अंबिकापुर। पड़ोसी ने पहले पैरा में आग लगाया, विरोध करने पर युवक के पेट में चाकू से वार कर दिया। चाकू की नोक पेट के आंत तक पहुंच जाने से युवक गंभीर हो गया, उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने चार घंटे ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। जख्म छोटी आंत तक पहुंचने के कारण युवक की स्थिति अभी भी गंभीर है। आईसीयू में युवक का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार देव प्रकाश 22 वर्ष भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामनगर का रहने वाला है। इसके पैरावट में गांव के ही बसंत ने मंगलवार को आग लगा दी थी। आग लगाने की बात को लेकर देव प्रकाश व बसंत के बीच विवाद हुआ था। विवाद में बसंत ने देव प्रकाश के पेट में चाकू घोंप दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चाकू आंत तक पहुंचने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ था। स्वजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां सर्जन डॉ. अभिषेक दीवान, डॉ. अर्जुन जायसवाल, डॉ. दिव्या की टीम ने चार घंटे ऑपरेशन कर युवक की जान बचाई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *