छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार को कमीशन व करप्शन पर भरोसा, विकास अवरूद्ध-चंदेल


नेता प्रतिपक्ष ने कहा-विधायक क्षेत्र का नहीं खुद का विकास कर रहे

अंबिकापुर। केंद्र में भाजपा की सरकार है, जो नौ साल से लगातार देश में विकास की धारा बहा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने किया, जिसे भाजपा की सरकार ने 15 साल तक संवारा, छत्तीसगढ़ का विकास किया लेकिन पिछले पांच वर्ष से प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार है जो प्रदेश के विकास में बाधक बन गई है। छत्तीसगढ़ को कांग्रेस की सरकार ने अपराधगढ़ बना दिया है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राज में कोयला घोटाला, गोठान घोटाला, शराब घोटाला, भर्ती घोटाला, पीएससी परीक्षा में घोटाला, जमीन घोटाला जैसे कई प्रकार के घोटाले हो रहे हैं। मैनपाट में आदिवासी एवं किसान भाइयों की एक हजार एकड़ जमीन को कांग्रेसी नेताओं के नाम फर्जी तरीकों से कर दिया गया। बतौली ग्राम में 400 से 500 एकड़ जमीन कांग्रेस नेताओं के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार कमीशन और करप्शन पर भरोसा करती है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ में विकास ठहर गया है। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि 16 लाख प्रधानमंत्री आवास गरीब परिवारों को देने के लिए केंद्र सरकार ने भेजा, जिसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री ने स्वयं स्वीकारा है और मुख्यमंत्री पर आरोप भी लगाया है कि गरीबों का आवास नहीं बनने दिया गया, जिस कारण उन्होंने पंचायत विभाग से त्यागपत्र दे दिया। कांग्रेस के विधायक कमीशन और करप्शन पर काम करते हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र का हालत देखिए यहां के अस्पताल में इतनी गंदगी है कि लोग नाक बंद करके अस्पताल पहुंचते हैं। क्षेत्र के विकास के लिए जनता ने इन्हें चुना है, लेकिन यहां विकास का कोई नाम ही नहीं हैं। प्रदेश की भूपेश सरकार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है, सरकार की विदाई तय है। इस दौरान अनुराग सिंहदेव, नलिनीश ठोकने सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस राज में अधिकारी बने कलेक्ट ऑफिसर-राम विचार नेताम
पूर्व राज्यसभा सांसद राम विचार नेताम ने कहा भाजपा गांव, गरीब, किसान और सभी वर्गों के लिए कार्य करने वाली पार्टी है। केंद्र सरकार सभी वर्गों के लिए सुनियोजित ढंग से विकास कार्य कर रही है, वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर जगह केवल भ्रष्टाचार कर रही है। जल जीवन मिशन के लिए केंद्र सरकार ने लाखों करोड़ों रुपये निवेश किए, प्रदेश की कांग्रेस सरकार यहां भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आई। कहीं पानी की टंकिया बनी नहीं, कहीं पाइप अच्छी गुणवत्ता वाली नहीं है, कहीं केवल गड्ढे खोदकर छोड़ दिए। मानव संसाधन विकास एवं लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए दिए जाने वाले डीएमएफ का भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बंदरबांट किया है। कांग्रेस राज्य में अधिकारी कलेक्ट ऑफिसर बन गए हैं। काम से प्रदेश सरकार को मतलब नहीं, केवल जनता को लूटना है। उन्होंने कहा कांग्रेस की सरकार प्रदेश में केवल दो महीने के लिए है और इन्होंने रेत का टेंडर पांच साल के लिए माफियाओं को दे दिया, कोई नीति नहीं, कोई नियम नहीं। हर जगह केवल लूट और शासकीय धन की बर्बादी हो रही है।
विधायक के घर से बोरों में निकल रहे रुपये
पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा यह पहली सरकार है जिसके विरोध में प्रदेश भर के शासकीय कर्मचारियों ने हड़ताल किया है। यह पहली सरकार है जो गरीब किसानों के मुआवजे के लिए दी जाने वाली राशि में भी घोटाला की। क्षेत्र के निर्माण के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा 70 करोड़ रुपये का इस्टीमेट बनाकर उत्तर प्रदेश भेजा गया, उत्तर प्रदेश से राशि आ गई लेकिन वह पैसा गया इसका अभी तक कोई जवाब प्रदेश की कांग्रेस सरकार नहीं दी है। प्रदेश में अराजकता की स्थिति है, भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। पांच साल से विकास कार्य पूरी तरह से बंद हैं। कांग्रेस के विधायक के घर से बोरों में रुपये निकल रहे हैं। गाड़ियों से नोटों की बड़ी-बड़ी रकम जप्त की जा रही है, यही कांग्रेसी नेताओं के हालत है।
परिवर्तन यात्रा को मिल रहा जनता का भरपूर आशीर्वाद
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा भाजपा की दो विकास यात्रा प्रदेश में चल रही है, पहली यात्रा 12 सितंबर को मां दंतेश्वरी की आशीर्वाद से दंतेवाड़ा से निकली है जो बस्तर, दुर्ग, रायपुर संभाग के 45 विधानसभा क्षेत्र से होते हुए बिलासपुर पहुंचेगी। दूसरी यात्रा 15 सितंबर को कुमार दिलीप सिंह जूदेव की जन्मभूमि जशपुर से प्रारंभ हुई है। यह यात्रा सरगुजा एवं बिलासपुर संभाग के 40 विधानसभा क्षेत्र से होते 14 दिन में 13 सौ किलोमीटर की यात्रा तय कर 28 सितंबर को बिलासपुर पहुंचेगी। 28 सितंबर को बिलासपुर में एक विशाल आम सभा का आयोजन किया गया है, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना उद्बोधन देंगेेे। परिवर्तन यात्रा को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है हर जगह भाजपा के विकास रथ का स्वागत हो रहा है।
देर से पहुंची अम्बिकापुर में परिवर्तन यात्रा, आमसभा में नहीं हुई भीड़
नारायण चंदेल के नेतृत्व में जशपुर से चलकर अम्बिकापुर आयी परिवर्तन यात्रा काफी देर से पहुंची, पहले साढ़े चार बजे परिवर्तन यात्रा की सभा निर्धारित थी जो कि रात को साढ़े नौ बजे के बाद पहुंची। जिसके कारण आमसभा स्थल पर भीड़ काफी कम रही। प्रदेश सहित सरगुजा संभाग के कई बड़े नेता कार्यक्रम में उपस्थित रहे, लेकिन अधिकतर कुर्सियां खाली रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *