महोत्सव से कला, संस्कृति, पर्यटन व रोजगार को मिलेगा बढ़ावा-सिंहदेव तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का हुआ रंगारंग समापन जनजाति समाज प्रमुखों को किया गया सम्मानित


अंबिकापुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के मुख्य आतिथ्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में गुरुवार को तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोंड, पंडो, चेरवा, पहाड़ी कोरवा सहित अन्य जनजाति समुदाय के समाज प्रमुखों का शाल श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि मैनपाट महोत्सव हर वर्ष नई ऊंचाई को प्राप्त कर रहा है। अब यह वार्षिक कैलेंडर का स्थायी कार्यक्रम बन गया है। महोत्सव के आयोजन से संस्कृति व पर्यटन को बढ़ावा तो मिल ही रहा है, रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृति को संकुचित नहीं किया जा सकता। यह उन्मुक्त है तथा इसका गुण समावेशी होता है। महोत्सव के आयोजन से मैनपाट में विकास के साथ सुविधाएं बढ़ी हैं लेकिन सतत विकास और सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है। लोगों के भारी आकर्षण को देखते हुए अगले वर्ष से पंडाल की चौड़ाई बढ़ाने की जरूरत है। मैनपाट के एक डेस्टिनेशन वेडिंग का स्वरूप लेने की संभावना अधिक है। मैनपाट में हवाई पट्टी की शुरुआत जल्द होगी, जिससे आवागमन और सुगम होगा। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि मैनपाट महोत्सव का सबको लंबे समय से इंतजार रहता है। लोक कला के साथ राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार यहां प्रदर्शन किए, जो काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा मैनपाट के विकास में सबका सामूहिक प्रयास व सहभागिता है। जिला प्रशासन के अथक प्रयास से महोत्सव का शानदार आयोजन सफल हुआ है। मैनपाट की भव्यता बढ़ाने में मैनपाट बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ बढ़ेगा। सीजीएमएससी के अध्यक्ष, लुंड्रा विधयाक डॉ.प्रीतम राम ने कहा कि महोत्सव अविस्मरणीय रहा। इस वर्ष के आयोजन में कई नई कड़ी जुड़ी। स्थानीय शैला, करमा एवं अन्य पारंपरिक गीत, नृत्य का सुंदर प्रस्तुतिकरण हुआ। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि स्थानीय कला को सहेजने एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मैनपाट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष के आयोजन में कुश्ती, पतंगबाजी, लेजर शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। तीरंदाजी भी विशेष उपलब्धि रही। कार्यक्रम को और आकर्षक बनाने के लिए दो हाई मास्ट लाइट लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मंशानुरूप सरगुजा विकास के पथ पर आगे बढ़ते रहेगा। सभी ने महोत्सव को गरिमा प्रदान करने के लिए अथक प्रयास किया है। इस अवसर पर कई नामी कलाकारों ने मनमोहक, शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्थानीय आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, राज्य मदरसा बोर्ड के उपाध्यक्ष इरफान सिद्दीकी, राज्य गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल बिहारी यादव, तेल घानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, राज्य बीज प्रमाणीकरण बोर्ड के सदस्य अरविंद गुप्ता, राज्य उर्दू अकादमी के सदस्य बदरुद्दीन इराकी, राज्य कृषक कल्याण परिषद के सदस्य संजय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, डीएफओ पंकज कमल, जनपद सदस्य उर्मिला खेस्स, जनपद सदस्य दूधनाथ यादव, सरपंच सविता मांझी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सैलानी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
पवन के भोजपुरी गीत लालीपॉप लागे लू में खूब थिरके दर्शक
मैनपाट महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के धमाकेदार भोजपुरी गीत-संगीत का दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया और झूमने, थिरकने लगे। पवन सिंह ने करीब 45 मिनट के कार्यक्रम में भोजपुरी के कई हिट गाना गाकर जबरदस्त रंग जमाया और खूब तालियां बटोरी। इंडियन कॉमेडियन सुनील पाल ने भी अचरज भरे भाव-भंगिमा और चुटकुले से लोगों को खूब हंसाया। पवन सिंह के भोजपुरी गाना लालीपॉप लागे लू, बड़ी फुरसत से तुंहरा के बनाई ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भरा, जिससे दर्शक झूमने लगे। दर्शक बीच-बीच में भोजपुरी गीतों की फरमाइश करने लगे। कार्यक्रम में पंखिड़ा फेम राजेश मिश्रा के भक्ति गीतों ने भी दर्शकों को बांधे रखा। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू व बचपन का प्यार फेम सहदेव दिरदो, जशमीत कौर, लिटिल चैंप गायक प्रियांशु मिश्रा, अमन श्रीवास्तव, क्लासिकल डांसर रित्विका बनर्जी, छत्तीसगढ़ी लोक संगीत लोरिक चंदा, गायक चंदन दास, ब्रजेश बैंड, पियानो वादन रजी मोहम्मद ने किया। संत युनीन हाईस्कूल बोदा के बच्चों द्वारा भरतनाट्यम, केजीवीवी द्वारा राजस्थानी डांस, एकलव्य विद्यालय मैनपाट के द्वारा करमा एवं मिक्स नृत्य, सेजस हिंदी मीडिएम नर्मदापुर द्वारा राजी परता राजी एवं करमा नृत्य, सुभ्रांशु तिवारी द्वारा फिल्मी गीत, सेजस बतौली द्वारा छत्तीसगढ़ी नृत्य, विवेकानंद स्कूल द्वारा नृत्य, कन्या शिक्षा परिसर द्वारा क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े सहित अन्य की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
संस्कृति मंत्री ने हितग्राहियों को बांटा चेक
इस अवसर पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने श्रम विभाग द्वारा संचालित करीब छह योजनाओं के 892 हितग्राहियों को डेढ़ करोड़ रुपये का चेक वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महोत्सव में विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ ही जानकारी भी दी जाती है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध हो जाता है। महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुति से मैनपाट को नई पहचान मिल रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *