पहले मंत्री अमरजीत एनएच-43 के लिए करते थे आंदोलन, अब बैठी भाजपा


भाजपा के सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा-31 जुलाई तक कार्य पूरा नहीं हुआ तो एनएच कार्यालय का करेंगे घेराव,
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा-अब मंत्री का काफिला इसी खराब सड़कों से गुजर जाता है

अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 सहित अन्य सड़कों की दुर्दशा को लेकर भाजपा नगर मंडल अंबिकापुर ने बुधवार को भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में लुचकी में आम बगीचा के पास चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 01 बजे तक चले धरना व चक्का जाम में भूपेश सरकार के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी हुई तथा सड़कों को तत्काल ठीक करने की मांग की गई। बता दें कि कटनी-गुमला एनएच क्र.-43 पर अंबिकापुर से पत्थलगांव के बीच 74 किलोमीटर सड़क का निर्माण पिछले सात वर्षों से कछुआ चाल में चल रहा है। इसी सड़क के लिए पूर्व में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत हड़ताल, धरना देते नजर आते थे। भाजपा का कहना है अब इसी दुर्गति भरी सड़क को रौंदते लग्जरी, कांच बंद वाहन में मंत्रीजी निकल लेते हैं।
धरना व चक्काजाम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि 31 जुलाई तक विभाग ने सड़कों को ठीक नहीं किया तो एनएच कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब पूरे देश में राष्ट्रीय राजमार्ग का काम इतनी तेजी से चल रहा है फिर छत्तीसगढ़ में इतना सुस्त काम क्यूं? कहीं ना कहीं राज्य की कांग्रेस सरकार की लापरवाही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने तो सड़कों के निर्माण के लिए बजट की कोई सीमा नहीं रखी है, आप 100 करोड़ मांगो वो 1000 करोड़ देने को तैयार हैं, बशर्ते काम समय पर हो तथा काम की गुणवत्ता हो। भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा पहले मंत्री अमरजीत भगत इन्हीं सड़कों के लिए आंदोलन करते थे, अब उनका काफिला इन्हीं खराब सड़कों से गुजर जाता है पर वो रुकते नहीं। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि पूरी भूपेश सरकार कमीशन खाने और भ्रष्टाचार करने में व्यस्त है, उन्हें जनता को मिलने वाली सड़क, बिजली, पानी जैसे बुनियादी चीजों की भी कोई परवाह नहीं है। जनता इस सरकार से ऊब चुकी है। कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, फुलेश्वरी सिंह, प्रशांत त्रिपाठी, अंबिकेश केशरी, विनोद हर्ष, मंजूषा भगत, विकास पांडेय, मधुसूदन शुक्ला, आलोक दुबे, विश्वविजय सिंह तोमर, कैलाश मिश्रा, अनामिका पैकरा, नीलेश सिंह, नकुल सोनकर, संजीव वर्मा, शानू कश्यप तथा शोलू सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री दीपक तोमर ने किया। चक्का जाम की समाप्ति पर महामहिम राज्यपाल के नाम राष्ट्रीय राजमार्ग के विभागीय अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें 31 जुलाई तक सड़कों की हालत ठीक कराने की मांग की गई थी।
इस अवसर पर अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ सिंह, करता राम गुप्ता, राजकुमार बंसल, मनोज गुप्ता, अभिषेक शर्मा, वीरेंद्र बघेल, निरंजन राय, बंशीधर उरांव, मनोज सोनी, अजय प्रताप सिंह, रिंकू सिंह, शैलू सिंह, शकुंतला पांडेय, उमेश अग्रवाल, प्रेमानंद तिग्गा, सर्वेश तिवारी, रामप्रवेश पांडेय, रिंकू वर्मा, इन्दर भगत, रोचक गुप्ता, नीलम राजवाड़े, सरिता जायसवाल, रमेश सोनी, संजय जायसवाल, प्रियंका चौबे, चांदनी मल्होत्रा, विमल मंदिलवार, धनराम नागेश, छोटू थॉमस, रवि कश्यप, अंशुल श्रीवास्तव, हर्ष जायसवाल, मनीष बारी, मार्कण्डेय तिवारी, मनोज सोनी, बबली नेताम, गणेश सिन्हा, राम सिंह देव, संगीता सोनी, गोलू यादव, संतोष सिंह, रानी मल्होत्रा, गणेश कश्यप, संजय शर्मा, सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
437 करोड़ रुपये की स्वीकृति
केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 अम्बिकापुर से पत्थलगांव तक के सड़क निर्माण हेतु 437 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की थी। भाजपा का आरोप है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की लापरवाही के कारण सड़क निर्माण का कार्य समय सीमा में पूर्ण नहीं हुआ है। निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से हो रहा है, जिसके कारण आम जनता को आवागमन में असुविधा हो रही है व आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है।
समयावधि समाप्त, नहीं बन पाई सड़क
सरगुजा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता की लापरवाही के कारण कार्य द्रुत गति से नहीं हो रहा है। उक्त कार्य की समयावधि 01 वर्ष पहले ही समाप्त हो चुकी है और कार्य आज तक पूर्ण नहीं हुआ है। सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा कछुए की गति से कराया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 शहर के आंतरिक क्षेत्र से होकर गुजरती है। उक्त मार्ग में कई स्कूल व कॉलेज स्थित हैं, जिसके कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
बरसात के पहले निर्माण कार्य हो पूर्ण
अंबिकापुर के अम्बेडकर चौक से लेकर रेल्वे स्टेशन तक डिवाइडर के साथ सड़क निर्माण कार्य, चौड़ीकरण की मांग भी अधूरी है। शहर के मुख्य मार्ग के अन्तर्गत सदर रोड, देवीगंज रोड की स्थित भी बहुत खराब है। उक्त मार्ग के डामरीकरण का कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व कराने की मांग की गई है। भाजपा नगर मण्डल ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 का कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व द्रुत गति से कराया जाए, जिससे आमजनों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *