लोकसेवा प्रभावित होने पर हड़ताली कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति कम हो जाती है-सिंहदेव


उपमुख्यमंत्री ने क्षमायाचना के साथ मितानिनों से कलाई पर बंधवाई राखी

अंबिकापुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सरगुजा की मितानिन बहनों ने उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। बुधवार को माता राजमोहनी देवी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सरगुजा की सैकड़ों मितानिनों ने उपमुख्यमंत्री को राखी बांधी। इस दौरान इन्हें संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने राखी बंधवाने में विलंब के लिए क्षमा मांगा। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में उन पर जवाबदेही बढ़ती जा रही है, इस कारण विलंब हुआ। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में समर्पित सेवा भाव के लिए मितानिनों का आभार जताया और कहा कि अल्प मानदेय के बावजूद मितानिन दिन-रात आमजन की सेवा में लगे रहती हैं। कोविड काल में मितानिन बहनों ने शानदार योगदान किया। उन्होंने संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की जारी हड़ताल को लेकर दु:ख व्यक्त किया। हड़ताल समाप्त करने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हैं, इनमें से करीब नौ हजार कर्मचारी ही हड़ताल पर गए हैं। इनसे लगातार बातचीत हो रही है और वे बार-बार हड़ताल वापस लेने का आश्वासन देकर अपनी बात से पलट जाते हैं। ऐसा लगता है कि संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के हड़ताल में राजनीति ने प्रवेश कर लिया है। उन्होंने कहा स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति का प्राथमिक उद्देश्य आमजन की सेवा है, न कि नौकरी देना। हड़ताल से आमजन की सेवा बाधित होती है तो ऐसी नौकरी देने से क्या हासिल होगा। हड़ताल से जब लोकसेवा प्रभावित हो तो हड़ताली कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति कम हो जाती है। उन्होंने कहा हम किसी हड़ताली कर्मचारी के प्रति कठोर कार्रवाई करने से बच रहे हैं, उनके प्रति हमारी उम्मीदें कायम हैं। रक्षाबंधन के कार्यक्रम दौरान 20 सूत्रिय कार्यक्रम क्रियान्वयन समीति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, सैयद अख्तर हुसैन, मदन जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, गीता प्रजापति, गीता श्रीवास्तव, गीता रजक, हेमंती प्रजापति, पायल अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह धंजल, अशफाक अली, अनूप मेहता, प्रमोद चौधरी, चंद्र प्रकाश सिंह, अविनाश कुमार, आतिश शुक्ला मौजूद थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *