दीपों की रोशनी से दमकेगा सरगुजा, भांचा राम के प्रति प्रेम के रंग में सराबोर सरगुजा


अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में भी धूमधाम से चल रही है तैयारी कहीं शोभायात्रा तो कहीं होगा अखंड रामायण पाठ, जिला व ब्लॉक स्तर पर दीपदान,
दीप प्रज्जवलन सहित विभिन्न भक्तिमय कार्यक्रम, एलईडी द्वारा श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के लाइव प्रसारण हेतु कलेक्टर ने दिए निर्देश


अंबिकापुर। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है, चंद दिन या कहे घंटे ही अब शेष बचे हैं। इसके पहले पूरा देश राम के रंग डूब चुका है। श्री राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा के लिए न सिर्फ अयोध्या बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भगवान श्री राम का ननिहाल छत्तीसगढ़ पूरी तरह से राममय हो चुका है। श्री राम के रंग में उत्साहित श्रद्धालुओं द्वारा सरगुजा जिले में भी अंबिकापुर स्थित श्री राम मंदिर सहित सभी मंदिरों में साज-सज्जा के साथ भजन-कीर्तन और आरती की तैयारी हो रही है। छत्तीसगढ़ प्रभु श्री राम का ननिहाल है। उन्होंने अपने वनवास काल में सर्वाधिक समय छत्तीसगढ़ में बिताया, इसलिए पूरा छत्तीसगढ़ राममय है।
छत्तीसगढ़ में वनवासी राम का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यहां उन्होंने सदैव समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को गले लगाया। छत्तीसगढ़ की इस गौरवशाली आध्यात्मिक विरासत से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जिले के सभी विकासखंड में मानस मंडलियों द्वारा रामचरित मानस का पाठ, भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही राम वनगमन पर्यटन परिपथ में चिन्हांकित रामगढ़ में भी भव्य कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार के निर्देश पर श्री रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश भर में दीपावली सा नजारा दिखने लगा है। कलेक्टर सरगुजा विलास भोस्कर के मार्गदर्शन में नगर निगम और ग्राम पंचायतों में मंदिरों की साफ-सफाई की जा रही है। प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर संस्कृति विभाग की ओर से रामचरित मानस का पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में पंचायतों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण सामूहिक रूप से देखने की व्यवस्था करने अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही शासकीय भवनों में भी रोशनी किए जाने निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यह हर्षोत्सव है, जिसे सभी मिलकर मनाएंगे। रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर जिले में विभिन्न समितियों द्वारा भी उत्साह के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए जा हैं।


जनसामान्य साक्षी बनेगा इन आयोजनों का
भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा के इस गरिमामयी अवसर पर अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में श्री राम के आकार में एक लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंंगे। इस अभूतपूर्व पल का जनसामान्य साक्षी बनेगा। नगरवासियों के साथ मिलकर राम लला की आरती की जाएगी। लेजर शो के जरिए भगवान श्री राम के जीवन चरित्र का वर्णन किया जाएगा। इसी तरह श्री राम मंदिर से शोभायात्रा का आयोजन भी किया गया है, जो श्रद्धालुओं के साथ गांधी स्टेडियम तक पहुंचेगी। शहर में ही नवापारा चर्च के पास बजरंग मैदान में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। गणपति धाम, हाथी पखना में अखंड रामायण का पाठ किया जाएगा। रामलला प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए नगरवासियों के साथ मिलकर विभिन्न भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे जिले में मंदिरों में साज-सज्जा की जा रही है। मंदिरों दीप प्रज्जवलित करने के साथ ही भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *