ईमानदारी और कड़ी मेहनत से देश के विकास में सहयोग करें विद्यार्थी-मेजर केआर टेक्निकल कॉलेज में फिट इंडिया वीक पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन

अंबिकापुर। केआर टेक्निकल कॉलेज अंबिकापुर के द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से फिट इंडिया वीक मनाया गया, जिसके तहत सात दिवसीय खेल उत्सव का समापन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष श्रीकांत दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमारे महाविद्यालय के लिए यह गर्व की बात है कि विकसित भारत 2047 और फिट इंडिया जैसे कार्यक्रम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने महाविद्यालय के डायरेक्टर, प्राचार्य सहित सभी सहायक प्राध्यापकों, कार्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राओं का सात दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि अनिल सिंह मेजर ने कहा कि हमारे जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। आज के दौर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को बहुत सम्मान मिलता है। आप सभी युवा छात्र-छात्राएं देश के भविष्य हैं। ईमानदारी और कड़ी मेहनत से देश के विकास में सहयोग करें और इस महाविद्यालय का नाम रोशन करें। महाविद्यालय के चार समूह एस-1, एस-2, एस-3 और एस-4 के माध्यम से सभी प्रतियोगिताएं संपन्न हुई। परिणाम के आधार पर अतिथियों ने एस-4 टीम को विजेता व एस-3 टीम को उप विजेता का खिताब दिया गया। विश्व विजय सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा जरूरी नहीं कि हम दिल्ली, मुंबई या देश के बड़े-बड़े शहरों में जाकर ही विकास कर सकते हैं। हम अपने आसपास के लोगों का भला करके भी देश का विकास कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेल में भी भागीदारी की बात कही। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि खेल से तन के साथ-साथ मन भी स्वस्थ रहता है, शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने फिट इंडिया 2024 खेल के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने कहा कि हमारा महाविद्यालय शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी महत्व देता आया है। फिट इंडिया और विकसित भारत 2047 के कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक और छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। महाविद्यालय में 704 नियमित छात्र छात्राएं हैं। 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने खेल में हिस्सा लिया, 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत 2047 बनाने में अपना विचार पोर्टल पर अपलोड किया है। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्त ने किया। इस मौके पर शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन, महाविद्यालय की डायरेक्टर रीनू जैन, प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा, नैक समन्वयक मोहम्मद अफरोज अंसारी, आइक्यूएसी समन्वयक प्रज्ञा सिंह राजपूत, कल्चरल क्लब के समन्वयक संदीप डे, स्पोर्ट्स अधिकारी रजत सिंह, सभी विभागों के विभाग प्रमुख, सहायक प्राध्यापक, कार्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *