प्रदेश के साथ सरगुजा संभाग में कानून व्यवस्था ठप, अपराधियों के हौसले बुलंद-सिंहदेव


बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला


अंबिकापुर। प्रदेश सहित सरगुजा संभाग में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला किया है।

अपने निवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं इस मत मेें था कि विष्णुदेव सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल के उपरांत ही उनके कामकाज पर टीका टिप्पणी करुंगा, लेकिन प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति एवं प्रशासन की निष्क्रियता ने समय से पहले बोलने को बाध्य किया है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरे प्रदेश के साथ ही सरगुजा संभाग में भी कानून व्यवस्था ठप हो गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद है। वे रामानुजगंज के बीच बाजार में हथियारों के बल पर दिन-दहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट करते हैं, उसके बाद मोटरसाइकिल से छत्तीसगढ की सीमा को पार कर झारखंड चले जाते हैं और पुलिस कुछ नहीं कर पाती है।

उन्होंने सरगुजा संभाग में घटित अपराधों अक्षत हत्याकांड, संदीप लकड़ा हत्याकांड, अंबिकापुर में करोड़ों की सेंधमारी, सिलसिला गांव की औद्योगिक दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि, छत्तीसगढ राज्य निर्माण के बाद कानून व्यवस्था की इतनी बदतर स्थिति कभी नहीं रही।

रायपुर में उद्योगपतियों पर हुई फायरिंग का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में अब संगठित अपराध बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति को लेकर लोगों से अपील की, लोग अपनी सुरक्षा की व्यवस्था स्वयं करें। राज्य सरकार, पुलिस या प्रशासन का नियंत्रण अपराधियों पर नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा कि वास्तव में प्रदेश सरकार या प्रशासन कुछ भी नहीं कर रहा है। यह समझ में नहीं आ रहा है कि प्रदेश की सरकार चल भी रही है या प्रदेश की सरकार को कहीं से चलाया जा रहा है। कोई भी विभाग अपना कार्य नहीं कर रहा है।

विभागों में फाइलें मूव नहीं हो रही हैं। आम जनता असमंजस की स्थिति में है, उनके आवेदन फाईलों में दबे पड़े हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वास्तव में प्रदेश की जनता सरकार की उदासीनता से हैरान व परेशान है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *