आपराधिक वारदातें कानून व्यवस्था को दे रही चुनौती आप ने शहर के घड़ी चौक में धरना दिया


अंबिकापुर। मल्टी पार्किंग जयस्तंभ चौक रायपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म व इसके पूर्व हसौद में हुए दुष्कर्म की घटना की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग आम आदमी पार्टी के महिला विंग ने की है। सोमवार को पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह व महिला विंग की जिला अध्यक्ष शांति राजवाड़े देवी के नेतृत्व में शहर के घड़ी चौक में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। अवकाश होने के कारण कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के नाम वे ज्ञापन नहीं सौंप पाए। शांति राजवाड़े ने कहा कि राजधानी के मल्टीपार्किंग में जहां दुष्कर्म की घटना हुई है, वहां जिम्मेदार पुलिस अधिकारी का कार्यालय भी है। इसके पहले मंदिर हसौद में दुष्कर्म की घटना हुई थी। रायगढ़ में चाकू के नोक पर डकैती सहित लगातार कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली व मानवता को शर्मशार करने वाली घटनाएं हो रही हैं। पूरे देश में महिला आरक्षण बिल पारित करते हुए महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा की गारंटी दी जा रही है, राजधानी में महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। वहीं महिलाओं, बच्चियों के साथ निंदनीय कृत्य हो रहा है, जो सभी के लिए शर्मनाक है। आरोपी भले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं लेकिन आपराधियों के बुलंद हौसले प्रदेश में बिगड़ते कानून व्यवस्था को इंगित करा रहा है। इस दौरान आरती कुजूर, फूलकुमारी लकड़ा, अंजू राजवाड़े, सुधा पासवान, रेखा राजवाड़े, नंदिनी राजवाड़े, जानकी दास सहित अन्य उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *