जमीन विवाद पर दंपती को अधमरा किया, इलाज दौरान पति की मौत


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आसनपानी में जमीन विवाद पर गांव के ही चार लोगों ने वृद्ध दंपति की बेदम पिटाई कर दी, जिसमेें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, यहां इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। महिला का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सुखदेव नगेशिया 65 वर्ष शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आसनपानी का रहने वाला था। 25 सितंबर की शाम सुखदेव अपनी पत्नी कमली बाई के साथ घर में था। शाम 7 बजे गांव के ही अनिल खैरवार, मनोज खैरवार, माकुड़ नगेशिया, कृष्णा खैरवार, सुखदेव के घर पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर दंपती के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान दंपती की बेटी संगीता बीच-बचाव करने पहुंची तो चारों ने उसके साथ भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया और वहां से भाग गए। दूसरे दिन सुबह पुन: चारों सुखदेव के घर पहुंचे और पति-पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। लाठी-डंडे से की गई मारपीट के बाद दोनों बेहोश हो गए। स्वजन दोनों को इलाज के लिए शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराए। यहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया, यहां इलाज के दौरान सुखदेव की मौत हो गई। इसकी पत्नी कमली बाई का इलाज चल रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *