निगम के ठेका सफाई कर्मचारी बिना वेतन के 18 माह से शहर की स्वच्छता में भिड़े


चुनावी वर्ष में डेढ़ साल के वेतन की मांग को लेकर पहुंचे उपमुख्यमंत्री के कोठी

अंबिकापुर। नगर निगम के ठेका सफाई कर्मचारियों को पिछले 18 महीने से वेतन नहीं मिला है। इससे इन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वेतन का भुगतान नहीं होने से परेशान सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव से मुलाकात करके वेतन भुगतान कराने का आग्रह किया।
बता दें कि शहर के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई के लिए नगर निगम द्वारा ठेका पर 50 से अधिक सफाई कर्मचारी रखे गए हैं। हर दिन काम करने के बाद भी निगम द्वारा 30 अपै्रल 2022 से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। समय पर वेतन नहीं मिलने से इन कर्मचारियों को काफी तंगहाली से गुजरना पड़ रहा है। समय पर वेतन नहीं मिलने की शिकायत सफाई कर्मचारियों ने निगम आयुक्त से की है। इसके बाद भी वेतन नहीं मिला है। परेशान सफाई कर्मचारी सोमवार की सुबह उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे। इनसे मुलाकात नहीं होने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के समक्ष अपनी परेशानी को रखा। आदित्येश्वर ने जल्द से जल्द वेतन भुगतान कराने आश्वस्त किया।
वेतन भुगतान नहीं होने पर करेंगे काम बंद
सफाई कर्मचारियों ने कहा है कि पिछले 18 महीने से वे वेतन के इंतजार में हैं। कर्ज लेकर घर-परिवार चलाना पड़ रहा है। कर्ज वाले भी उन पर दबाव बना रहे हैं, इससे वे काफी परेशान हैं। कर्मचारियों ने कहा एक माह के अंदर वेतन का भुगतान नहीं होने पर वे काम बंद करने विवश होंगे।
बयान
ठेका सफाई कर्मचारियों का कुछ महीनों से वेतन भुगतान नहीं हो पाया है। मंत्रालय को इसकी जानकारी दी गई है। जल्द ही इनका वेतन भुगतान कराया जाएगा।
अभिषेक कुमार, आयुक्त नगर निगम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *