मां महामाया का भव्य प्रवेश द्वार निर्माण हम सभी के लिए थी बड़ी जिम्मेदारी-सिंहदेव


बहुप्रतीक्षित मां महामाया प्रवेश द्वार का उपमुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन

अंबिकापुर। बहुप्रतीक्षित मां महामाया प्रवेश द्वार का भूमिपूजन बुधवार को उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के द्वारा किया गया। भूमिपूजन के साथ ही सद्भावना चौक से मंदिर द्वार तक के मार्ग का सौंदर्यीकरण प्रारंभ हो जाएगा। निर्धारित समय पर प्रवेश द्वार के भूमिपूजन का कार्यक्रम सद्भावना चौक पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुआ। इस दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव भी शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल में नगरवासी काफी संख्या में मौजूद थे।
भूमिपूजन के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी आराध्य मां महामाया का भव्य प्रवेश द्वार निर्माण हम सभी जनप्रतिनिधियों के लिए बड़ी जिम्मेदारी का विषय था। लंबे अर्से से नागरिक भव्य द्वार निर्माण का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने इसके लिए शहर के नागरिकों को उनके द्वारा की गई पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने नगर निगम अंबिकापुर के साथ ही नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया को भी निर्माण के लिए त्वरित धनराशि उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में औषधिय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, महापौर डॉ. अजय तिर्की, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता, कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, मो. इस्लाम, भारत सिंह सिसोदिया, अंबिकेश केशरी, हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित काफी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
निर्माण इकाई होगा निगम

मां महामाया मंदिर प्रवेश द्वार का निर्माण नगर निगम अंबिकापुर के द्वारा कराया जा रहा है। इसका ड्राइंग डिजाइन निगम के द्वारा तैयार किया गया है। करीब 50 लाख की लागत से बनने वाले इस द्वार की चौड़ाई 50 फिट और ऊंचाई 25 फिट होगी। नगरवासियों के भावना अनुरूप उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रयास से नगरीय प्रशासन विभाग ने इसके लिए बजट को त्वरित स्वीकृति दी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रोटोकोल का पालन नहीं-मधुसूदन शुक्ला
मां महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा केवल उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव को मुख्य अतिथि बनाए जाने पर भाजपा नगर मंडल अंबिकापुर ने आपत्ति की गई है। भाजपा नगर मंडल अंबिकापुर के अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने कार्यक्रम में प्रोटोकोल का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंप कर चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा पिछले दिनों छत्तीसगढ़िया ओलंपिक गेम के शासकीय कार्यक्रम में प्रोटोकोल का पालन नहीं किया गया था तो खुद उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया था। उन्होंने सवाल उठाया है कि आज खुद उपमुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य वाले कार्यक्रम में सांसद, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष तथा स्थानीय पार्षदों को अतिथि नहीं बनाया गया, तो उन्हें प्रोटोकोल पर कोई आपत्ति नहीं हुई, ये दोहरा चरित्र क्यूं? ज्ञापन में मधुसूदन शुक्ला ने नगर निगम आयुक्त को चेतावनी दी है भविष्य में इस प्रकार की गलती ना हो अन्यथा भाजपा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *