ईडी-आईटी की कार्रवाई में सामने आए तथ्य से छत्तीसगढ़ शर्मिंदा-डॉ. आशा


कहा-अंबिकापुर में भाजपा की स्थिति अच्छी


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। राज्य के लोगों के विकास के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, उसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है। उक्त बातें शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. आशा लकड़ा ने भूपेश सरकार पर हमला बोलते हुए कही। उन्होंने केंद्र सरकार का बखान करते हुए कहा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार अपना पीठ खुद थपथपा रही है। इन्हें अपने दामन पर लगे दाग नहीं दिख रहे हैं। ईडी और आईटी विभाग की कार्रवाई में नए-नए तथ्य सामने आए, इससे छत्तीसगढ़ शर्मिंदा है। छत्तीसगढ़ घोटालों का गढ़ बन चुका है। कानून व्यवस्था लचर है। एक सवाल पर उन्होंने कहा अंबिकापुर में भाजपा की स्थिति अच्छी है और हम जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में बालू का अवैध कारोबार पनप रहा है। 800 रुपये प्रति ट्रैक्टर मिलने वाला वालू इस सरकार की छत्रछाया में तीन हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर बिक रहा है।
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. आशा लकड़ा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ पीएससी की ओर से 17 लोगों की नियुक्ति गलत तरीके से की गई। यह कांग्रेस का भ्रष्टाचार नहीं तो क्या है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इनकी नियुक्ति पर रोक लगाई है। भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ में हत्या के 1057 और दुष्कर्म के 1093 अपराध हुए। 2020 में 972 और 1210 मामले दर्ज किए गए। राज्य में 2021 में सड़क हादसों में टक्कर मारकर भागने की 1,777 घटनाएं हुई। इसके पूर्व 2020 में इस प्रकार की 1749 घटनाएं हुई थीं। ऐसे में भूपेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में चारों तरफ हताशा, निराशा, भय व आतंक व्याप्त है। दिनदहाड़े प्रदेश में हत्याएं व लूटपाट हो रही हैं। अबोध बच्चियों के साथ दुष्कर्म, हत्या, लूट, डकैती इत्यादि की घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में ठगी का स्टार्टअप चल रहा है। यह राज्य गांजा, ब्राउन सुगर व नशीली दवाओं का गढ़ बन चुका है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना से छत्तीसगढ़ बाहर हो गया। इससे गरीबों को पक्का आवास नहीं मिला। कांग्रेस छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक है। छत्तीसगढ़ का उपयोग एटीएम की तरह कर किया जा रहा है। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है, वहीं कांग्रेस सरकार हवा-हवाई दावों में खोई है। उन्होंने कहा जब दिल्ली, रायपुर दोनों जगह भाजपा की सरकार होगी तो सुविधाएं तेजी से गांव व गरीबों तक पहुंच पाएंगी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, फुलेश्वरी सिंह, अरुणा सिंह, रूपेश दुबे मौजूद थे।
अपराध के मामले में छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री ने कहा एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के खिलाफ अपराधों में आइपीसी और स्पेशल लोकल लॉ के तहत दर्ज मामलों में वृद्धि हुई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 में 5665, 2020 में 5056 और 2021 में 6001 मामले दर्ज किए गए। इन आंकड़ों में वर्ष 2022 व 2023 का आंकड़ा जोड़ दिया जाए तो पांच वर्षों में 25 हजार से अधिक मामले सामने आएंगे। विधानसभा में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बताया बच्चियों, महिलाओं के साथ अपराध के मामले में छत्तीसगढ़ देश में तीसरे स्थान पर, अनुसूचित जाति के मामले में छठवें स्थान पर है। उन्होंने प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की बच्चियों, महिलाओं से दुराचार की 258, अजजा वर्ग की बच्चियों व महिलाओं के विरुद्ध दुराचार की 463 घटनाएं होना बताया। इनमें 10 वर्ष से कम आयु वर्ग की 10 बच्चियांं हैं।
कुर्सी की लड़ाई में बीते पांच साल
अंबिकापुर विधायक और उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर क्षेत्र के विकास को अवरूद्ध करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता कुर्सी की लड़ाई में पूरे पांच साल बिता दिए। बाद में मुख्यमंत्री की जगह उपमुख्यमंत्री का ओहदा लेकर बैठ गए। क्षेत्र में विकास के लिए इन्होंने कुछ नहीं किया, अब जनता हिसाब करेगी। अंबिकापुर सीट हम भारी बहुमत से जीतेंगे और कुशासित कांग्रेसी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *