हाथों में भगवा झंडा लिए जय श्रीराम की अनुगूंज के साथ शोभायात्रा में निकले भक्त आकर्षक रथ पर सवार थेे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व माता सीता के वेश में बच्चे झांकियों के साथ हाइड्रोलिक जीप में सवार हनुमान रहे आकर्षण का केंद्र


अंबिकापुर। रामनवमी के पूर्व श्रीराम सेना के द्वारा मंगलवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर से निकली, जो गांधी चौक से घड़ी चौक, देवीगंज रोड होते हुए समलाया मंदिर पहुंची। यहां पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा महामाया मंदिर पहुंची, यहां आरती के बाद प्रसाद वितरण कर शोभायात्रा का समापन किया गया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में रथ पर सवार राम, लक्ष्मण व सीता की झांकी आकर्षक का केंद्र बनी रहा। जगह-जगह शोभायात्रा का विभिन्न समाज के लोगों ने स्वागत किया।
चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर जहां एक ओर लोगों में असीम उल्लास देखा जा रहा है, वहीं देवी मंदिरों में रोजाना दर्शन के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन से ही शहर का कोना-कोना भागवामय देखने को मिल रहा है। पूरे शहर में भगवा झंडा लगने से अलग ही परिदृश्य देखने को मिल रहा है। वहीं चैत्र नवरात के सातवें दिन श्रीराम सेना के द्वारा मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर से शाम 4:30 बजे निकली, जो गांधी चौक होते घड़ी चौक पहुंची। यहां आधे घंटे से अधिक भक्तिमय गानों के बीच जय श्रीराम की अनुगूंज होती रही। शोभायात्रा में शामिल लोग भक्ति गीतों के बीच नाचते नजर आए। सफेद लिबास व कंधे पर भगवा गमछा के साथ जमकर लगते जयकारे व हर हाथ में भगवा झंडा ने शहर का माहौल ही बदल दिया था। शोभायात्रा देवीगंज रोड होते समलाया मंदिर पहुंची, यहां पूजा-अर्चना के बाद जगत जननी मां महामाया मंदिर में आरती की गई और शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा का विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। विभिन्न संगठनों द्वारा शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए ठंडा पानी व अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई थी। श्रीराम सेना द्वारा शोभायात्रा को भव्य रूप देने के लिए नवरात्रि के प्रारंभ होने के साथ ही तैयारी शुरू कर दी थी। शहर में भगवा झंडा, बैनर, पोस्टर लगाने का क्रम शुरू हो गया था। प्रिंट व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी इसकी जानकारी प्रसारित की जा रही थी।
पूरे शहर में लहराया भगवा झंडा
शोभायात्रा में निकले हर किसी के हाथों में भगवा झंडा देखने को मिला, इससे पूरे शहर का माहौल भगवामय हो गया। राह चलते लोग भी जय श्रीराम के नारों की अनुगूंज पूरे जोश के साथ करते देखे गए। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी निकाली गई थी। इनका रूप धारण किए बच्चे आकर्षक रथ पर सवार थे, जिनका जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। महिलाओं ने जगह-जगह आरती उतारी। राम, लक्ष्मण, सीता के रथ के आगे बजरंगबली की झांकी चल रही थी। हाइड्रोलिक जीप में सवार हनुमान का रूप धारण किया एक युवा पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा। कई जगह लोग झांकियों को मोबाइल व कैमरे में कैद करते तो कोई सेल्फी लेने उत्सुक नगर आया।
व्यवस्था बनाए रखने तैनात रही पुलिस
शहर में निकली भव्य शोभायात्रा को देखते हुए जगह-जगह पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे। यातायात पुलिस भी आने-जाने वालों के लिए रास्ता बनाते नजर आई। जगह-जगह से श्रीराम का उद्घोष करते राम भक्तों की टोली शोभायात्रा में शामिल हो रही थी। घड़ी चौक से महामाया चौक के आगे तक राम भक्तों की लंबी कतार लगे रहने से जाम की स्थिति जरूर बनी, लेकिन डीजे के धूम-धड़ाका के बीच होते जय श्रीराम के अनुगूंज ने लोगों को रूकने विवश कर दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *