सरगुजा की उपेक्षा पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का विरोध, भाजयुमो ने कराया मुंडन


अंबिकापुर। छतीसगढ़ विधानसभा के पटल पर भूपेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा अधिकृत रूप से बिलासपुर में एम्स खोलने की बात कहने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा द्वारा आदिवासी वनांचल क्षेत्र सरगुजा की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सिर मुड़ाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर के संगम चौक में आयोजित इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को विकास विरोधी बताते हुए उनके विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के नेतृत्व तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा की उपस्थिति में भाजयुमो पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक टीएस सिंहदेव की मृत चेतना को जगाने के लिए हिंदू परंपरा के अनुरूप अपना सिर मुंडवाकर तीखा विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सरगुजा के स्वास्थ्य मंत्री को आदिवासी वनांचल क्षेत्र सरगुजा में रहने वाली आम जनता की कोई फिक्र नहीं है। बिलासपुर क्षेत्र जहां पहले से अपोलो तथा सर्व सुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज सिम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां एम्स बनाने की स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की घोषणा सरगुजा के जनता की उम्मीदों के साथ कुठारा घात है। भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि सरगुजा संभाग अपने एकलौते असुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज के भरोसे जन स्वास्थ्य सुविधाओं का बोझ ढो रहा है, जबकि स्थानीय विधायक स्वास्थ्य मंत्री हैं। फिर भी उनके जन कल्याण की सूची में सरगुजा कहीं नहीं है। सरगुजा की जनता अपने साथ हुए धोखे का हिसाब जरुर लेगी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के कार्यकाल में अंबिकापुर में एक बेवश पिता अपनी पुत्री के शव को कंधे पर ले जाता है, मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से चार मासूम शिशुओं की मृत्यु हो जाती है, ऐसे में जब एम्स जैसे संस्थान खुलने की बात होती है तो स्वास्थ्य मंत्री अपना गृह क्षेत्र सरगुजा ही भूल जाते हैं। कार्यक्रम को एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक कैलाश मिश्रा, भाजपा नगर मंडल महामंत्री दीपक सिंह तोमर, रोचक गुप्ता, वीर सोनी, चंदन शुक्ला, शोलू सिंह, दिगंबर यादव, दिव्यांशु गुप्ता तथा सुनील यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन पत्र सौंपा गया जिसमें वनांचल सरगुजा में एम्स खोलने की मांग की गई है। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री संजीव वर्मा ने किया। कार्यक्रम में राजबहादुर शास्त्री, अमोघ कश्यप, अभिषेक सिंह, अनिरुद्ध मिश्रा, अनुराग शुक्ला, मनीष दुबे, शानु कश्यप, हर्ष जयसवाल, मार्कंडेय तिवारी, मनोज सोनी, विनाल गुप्ता, दीपक यादव, दिव्यांशु केशरी, गोलू यादव, श्रीधर केशरी, गोल्डी सिंह, निशांत गुप्ता, अविनाश कुशवाहा, सौरभ मिश्रा, शुभम अग्रवाल, प्रिंस चौबे, राहुल दुबे, भोलू सिंह सेंगर, केवल यादव, विनय ठाकुर, अभय पैकरा सहित अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *