मीडिया संभालना है तो खुद को अपडेट रखें, प्रतिदिन पढऩे की आदत डालें-चिमनानी प्रदेश मीडिया प्रभारी ने जिले, मंडल व मोर्चा के मीडिया प्रभारियों को दिए प्रबंधन के टिप्स


अंबिकापुर। भाजपा प्रदेश संवाद प्रमुख अमित चिमनानी के मुख्य आतिथ्य व भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरगुजा भाजपा जिला मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिले के भाजपा मंडलों से पहुंचे सोशल मीडिया व मीडिया पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कि मीडिया संभालना है तो खुद को हर मुद्दे से अपडेट रखें, प्रतिदिन पढऩे की आदत डालें। विषयों को इस तरीके से उठाएं कि वह जनता को आसानी से समझ में आए। उन्होंने कहा चुनाव का वक्त आ गया है अब कमर कस के काम करना होगा। घर-घर तक जन-जन तक सरकार की विफलता को पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करें। सभी मीडिया प्रभारी प्रतिदिन 4-5 घंटे का समय संगठन के लिए दें। प्रदेश के मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों का अध्ययन कर मीडिया प्रभारी उस पर कार्यक्रम कराना सुनिश्चित करें ताकि कांग्रेस की भ्रष्ट, अराजक और वादाखिलाफी करने वाली कांग्रेस सरकार के बारे में जनता जान सके। भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा मीडिया का काम कठिन किंतु महत्वपूर्ण व आवश्यक है, इसके बिना चल पाना संभव नहीं है। भाजपा सरगुजा का मीडिया विभाग वर्तमान में पूरे समर्पण व कार्यकुशलता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, आप सभी अपनी सक्रियता से इसे मजबूत बनाएं। भाजपा जिला संवाद प्रमुख संतोष दास ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि पूरे जिले के मीडिया प्रभारियों को समन्वय के साथ कार्य करना है। मीडिया कार्यशाला का आयोजन समय-समय पर होता रहेगा, जिसमें भाजपा प्रदेश मीडिया का मार्गदर्शन हमें प्राप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे ने किया। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, विद्यानंद मिश्रा, अभिषेक शर्मा, मधुसूदन शुक्ला, दीपक तोमर, शरद सिन्हा, रवि जायसवाल, रामप्रवेश पांडेय, राजीव कश्यप, रमेश गोयल, राम सिंह देव, शशि शेखर सिंह, बालेश्वर यादव, मुनेश्वर यादव, शीतल सिंह, ध्रुव कुमार, सागर विश्वकर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *