भाजयुमो मंडल अध्यक्ष पर नकाबपोश रेत माफियाओं ने किया जानलेवा हमला


अंबिकापुर। बीते मंगलवार को भटगांव में आयोजित किसान आक्रोश रैली में शामिल होकर वापस घर लौट रहे भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर नकाबपोश रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मंडल अध्यक्ष सहित अन्य दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल भाजयुमो अध्यक्ष का इलाज अंबिकापुर के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। हमले की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित कई नेता इनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। घटना को लेकर भाजपा व भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इनके द्वारा आरोपितों के शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार भैयाथान के भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह अपने सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ बाइक से भटगांव में आयोजित किसान आक्रोश रैली में शामिल होने गए थे। भटगांव से वापस आते समय केवटाली जंगल में एक बोलेरो ने पीछे से ठोकर मार दी, जिससे अमन प्रताप सिंह व मोटरसाइकिल चला रहे त्रिलोक पटेल गिर गए। वे कुछ समझ पाते तभी अचानक लोहे की सरिया से रेत माफिया उन पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। रेत माफियाओं ने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के दोनों पैरों को मारकर तोड़ दिया, त्रिलोक पटेल के पीठ सहित पैर में गंभीर चोट आई है। इसी बीच दूसरे बाइक पर सवार उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव किया, इस दौरान एक हमलावर के चेहरे का नकाब हट गया, जिसकी पहचान रेत माफिया के गुर्गे के रूप में की गई है। इसका रेत के कारोबार को लेकर भैयाथान क्षेत्र में आना-जाना बराबर बना रहता था। हमलावरों ने अमन प्रताप पर भी छड़ से हमला किया, तो वे दौड़ते बांसबाड़ी में घुस गए, जिससे उनकी जान बच गई। पूरे घटना की जानकारी भटगांव थाने की पुलिस को दी गई है। एक हमलावर की पहचान रोहित सिंह निवासी डोमन हिल चिरमिरी कोरिया के रूप में की गई है। पुलिस ने पहचाने गए आरोपित सहित चार अन्य के विरूद्ध आईपीसी की धारा 307, 148, 341, 149, 506(बी), 294, 147 के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व विवाद के दौरान हमलावर रोहित ने जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसकी शिकायत झिलमिली थाना में की गई थी।
अस्पताल पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
रेत माफियाओं के दुस्साहसी रवैये और भाजयुमो के पदाधिकारियों पर हमले की जानकारी मिलने के बाद भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह का हालचाल जानने अंबिकापुर के संजीवनी हॉस्पिटल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पहुंचे। उन्होंने पूरे घटना की जानकारी ली और परिवार के लोगों को ढाढस बंधाया। उनके साथ भाजपा के सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, सरगुजा भाजपा के जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भारत सिंह सिसोदिया, मुकेश तिवारी, जितेंद्र सिंह, अंबिकेश केसरी, अभिमन्यु गुप्ता, दीपक सिंह तोमर सहित काफी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता पहुंचे थे।
भैयाथान में भाजयुमो ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह पर बीते मंगलवार को हुए जानलेवा हमले के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। भाजपा व भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय से रैली निकाली और भैयाथान चौक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन कर आरोपितों के विरूद्ध कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सरकार विरोधी नारे जमकर लगाए गए। पुतला दहन कार्यक्रम में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविन्द्र गुप्त भारती, भाजपा मंडल अध्यक्ष मार्तंड साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव प्रताप सिंह, सत्यनारायण सिंह, सुनील साहू सहित भाजपा व भाजयुमो के सैकडों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
घटना के विरोध में जरही चौक में गृहमंत्री का पुतला दहन
जरही। नगर पंचायत क्षेत्र के जरही चौक में भाजपा युवा मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य हिमांशु सिंह के नेतृत्व में बुधवार को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की गई। भाजयुमो जरही मंडल के महामंत्री प्रवीण सिंह ने बताया कि पुतला दहन कार्यक्रम भाजयुमो के पदाधिकारियों पर हुए प्राणघातक हमले की घटना के विरोध में किया गया है। भैयाथान के कुछ रेत माफियाओं द्वारा भैयाथान मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पर प्राणघातक हमला कर इन्हें जान से मारने की कोशिश की गई, आरोपितों ने लोहे के सरिया से मारकर पैर को बुरी तरह तोड़ दिया। जब वे बेहोश हो गए और कुछ लोग पीछे से आ गए, तो अधमरा स्थिति में इन्हें मृत समझकर भाग गए। ऐसी घटनाएं दिनदहाड़े हो रही हैं। यही हाल रहा तो सूरजपुर जिला पूरे प्रदेश में अपराधिक श्रेणी में नंबर वन होगा। छत्तीसगढ़ में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री लापता हैं, जिससे इन घटनाक्रमों में कांग्रेस की भूपेश सरकार की मौन सहमति प्रतीत हो रही है। पुतला दहन कार्यक्रम में अशोक गुप्ता, शरद चंद्र द्विवेदी, दशरथ सिंह, कृपा प्रजापति, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, राकेश सिंह, विश्वजीत सोनी, कन्हैया यादव, सरवन पाटले, विवेक सिंह, सूरज सिंह, ओपी सिंह, सचिन गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, जानू सराठे, बंटी गिरी, प्रेम आदर्श पांडेय, वीरेंद्र जायसवाल, गौरव सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
भटगांव में भी जमकर प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
भटगांव। भाजयुमो भटगाांव मंडल के अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को भटगांव रविशंकर त्रिपाठी चौक पर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह सहित अन्य पर किए गए हमले के विरोध में रेत माफियाओं व सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन व पुतला दहन किया गया। पूरे जिले में घटना को लेकर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ जोरदार नारे लगाए व दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। भाजयुमो के मंडल महामंत्री अभिषेक मंडल ने कहा रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि किसी पर भी जानलेवा हमला कर दे रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रेत माफियाओं के खिलाफ तत्काल कार्रवाई व दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान लोकेश पैकरा, सुभाष राजवाड़े, अभिषेक मंडल, संत लाल प्रजापति, विजय राजवाड़े, रमेश गुप्ता, आशीष बाजपेई, ओंकार सिंह, वीरेंद्र गुप्ता, प्रवीण सिंह, आदर्श सिंह, प्रेम वीरेंद्र जायसवाल, हिमांशु सिंह, सचिन गुप्ता, संजीत, दीपक मिश्रा, रविंद्र जयसवाल, ज्ञान प्रकाश, रंजीत सिंह, विकास राजवाड़े, जितेंद्र शर्मा, राजेंद्र पाटले, सरवन पाटले, ठाकुर प्रसाद, अभिषेक गुप्ता, मनोज गुप्ता, सावन, नितिन शर्मा, रंजीत ठाकुर, लकी गुप्ता, पूरन राजवाड़े, अमन गिरी, सुशांत सिंह, नीरज यादव, संदीप वैष्णव, कुंदन झा, रिंकेश, रोहित सिंह, प्रवीण कुमार, रवि कुमार, सचिन पैकरा, प्रभास, प्रकाश सहित भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *