अधिकारों को जानें, समस्याओं को छिपाएं नहीं बताएं-सीएसपी विजन समाज सेवी संस्था ने कन्या स्कूल में किया विधिक सहायता शिविर का आयोजन



अंबिकापुर। विजन समाज सेवी संस्था द्वारा शासकीय कन्या स्कूल में महिला सुरक्षा अभियान अंतर्गत विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजबाला ने कहा कि विजन समाज सेवी संस्था द्वारा लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें शामिल होने का कई बार उन्हें अवसर मिला है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए छात्राओं से कहा कि आप अपने अधिकारों को जानें, समस्याओं को छुपाएं नहीं बताएं। इससे पुलिस को भी पता चलेगा कि आप किस गंभीर समस्या से प्रभावित हैं, आपके सहयोग के लिए प्रशासन व पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने हिम्मत ऐप के बारे में छात्राओं को बताया तथा सभी को अपने मोबाइल में इस ऐप को डाउनलोड करने कहा।
कार्यक्रम अध्यक्ष सरगुजा संभाग के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अंबष्ट ने कहा यदि समाज को सुरक्षित करना है तो अपनी सोच को सकारात्मक बनाने के साथ ही पुलिस की छवि को भी सकारात्मक बनाना बहुत जरूरी है। यदि पुलिस का डर लोगों से खत्म हो जाए तो लोग निरंकुश होकर अपराध करने लगेंगे, इसीलिए कई मायनों में पुलिस को समाज का माली कहा जाता है, जो खरपतवार को निकालकर समाज रूपी बगिया को सुंदर बनाती है। विशिष्ट अतिथि विकास खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण दुबे ने कहा बालिका सुरक्षा का सबसे पहला कदम खुद से शुरू होता है। सबसे पहले हम मजबूत हों, अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क और सजग रहें। निश्चित ही धीरे-धीरे समाज में महिला विरुद्ध अपराधों में कमी आएगी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि युवा समाजसेवी विकल झा ने छात्राओं से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति बनने पर उनकी टीम से सीधे संपर्क करने कहा। बताया गया कि सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने विजन समाज सेवी संस्था के साथ मिलकर महिला सुरक्षा अभियान अंतर्गत शत-प्रतिशत सहयोग करने की बात कही। स्वागत उद्बोधन विजन समाज सेवी संस्था की डायरेक्टर शिल्पा पांडे ने दिया। उन्होंने बताया विजन समाज सेवी संस्था विगत 20 वर्षों से बच्चों-बच्चियों के सुरक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है। पॉक्सो एक्ट पर कार्यशाला का लगातार आयोजन संस्था की तरफ से किया जा रहा है ताकि बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी प्राप्त हो सके। समाज सेवी संस्था के सदस्य उमेश पांडे ने भी अपने उद्बोधन में विजन समाज सेवी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की तथा नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाले समाजसेवी संस्थाओं के महत्व को बताया। आभार प्रदर्शन गल्र्स स्कूल के प्रिंसिपल श्री मिश्रा ने किया। उन्होंने संस्था सहित सभी अतिथियों का बहुमूल्य ज्ञान तथा समय देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और फिर से बच्चियों के लिए पॉक्सो एक्ट पर कार्यशाला आयोजित करने विजन समाज सेवी संस्था से आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता दास द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सिद्धि पांडेय, खुशबू यादव, खुशी, राजू यादव, देवंती, संगीता, शांति के अलावा विद्यालय के समस्त स्टाफ विजन के सदस्य उपस्थित थे।
हेल्पलाइन नंबर पर दें गोपनीय जानकारी
शिल्पा ने बताया विजन संस्था के हेल्पलाइन नंबर पर आने वाली हर शिकायत में बच्चों की पहचान गुप्त रखकर उसका निवारण जिला तथा पुलिस विभाग की मदद से किया जाता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की, किसी प्रकार की असुरक्षा प्रतीत होने पर संस्था से संपर्क करें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *