राम वन गमन पर्यटन परिपथ पर पर्यटन रथ और बाईकर्स रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

  

अम्बिकापुर / राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत आज पर्यटन रथ यात्रा और बाइक रैली सरगुजा जिले के सीमावर्ती ग्राम पंचायत लैंगा से प्रारंभ किया गया। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने पर्यटन रथ और बाईक रैली सवारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्यटन रथ के आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर रामायण पाठ का भी आयोजन किया गया।

सरगुजा जिले में यात्रा का शुभारंभ लखनपुर विकासखंड के लैंगा से प्रारंभ किया गया। आज प्रातः जिला प्रशासन सूरजपुर ने जिला प्रशासन सरगुजा को ध्वज सौंपा। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने ध्वज ग्रहण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना की गई तथा पर्यटन रथ का अभिनंदन किया गया। बाइक रैली देवगढ़, रामगढ़, महेशपुर एवं मंगरेलगढ़ में रामपाठ में भाग लेगी। जिले में यात्रा का अंतिम पड़ाव गुतुरमा (जशपुर जिले की सीमा) तक 160 किलोमीटर की दूरी तय कर शाम को पहुंचेगी। वहां पर यात्रा का समापन किया जाएगा।

जिले में राम वन गमन परिपथ से गुजरने वाली बाइक रैली एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन कलेक्टर संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि भगवान श्रीराम जहां-जहां से गुजरे उस पथ को राम वन गमन परिपथ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में पर्यटन विभाग द्वारा 14 से 17 दिसंबर के बीच प्रदेश में राम वन गमन परिपथ पर बाइक रैली आयोजित की जा रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष श्रीमती भोजवंती सिंह, पुलिस अधीक्षक टीआर कोशिमा, जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, एसडीएम उदयपुर प्रदीप साहू, उदयपुर एव लखनपुर के तहसीलदार और जनपद सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

  

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *