गौतम अडानी का एक बार फिर जलवा : टॉप-10 अरबपतियों में पांचवें नंबर पर पहुंचे, संपत्ति के मामले में वॉरेन बफे को भी पछाड़ा

दुनिया के टॉप- 10 अरबपतियों की लिस्ट में भारतीयों का दबदबा अभी कायम है और इसमें शामिल दो भारतीय उद्योगपति लगातार ऊपर ही बढ़ते जा रहे हैं। एशिया के सबसे अमीर अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी एक और उपलब्धि हासिल करते हुए शीर्ष अरबपतियों की इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर जा पहुंचे हैं। उन्होंने पहले इस पायदान पर काबिज वॉरेन बफे को पीछे छोड़ दिया है। वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं।

123 अरब डॉलर हुई अडानी की नेटवर्थ

गौतम अडानी लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ते जा रहे हैं। दुनियाभर के अरबपतियों में भारतीयों का झंडा बुलंद करते हुए वह अब पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार , 123 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अडानी अब पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि पहले से इस नंबर पर मौजूद वॉरेन बफे 121.7 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं। अब अडानी से आगे दुनिया के सबसे अमीर एलन मस्क, अमेजन के जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स रह गए हैं। माक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स से गौतम अडानी महज सात अरब डॉलर पीछे हैं।

बाजार गिरने पर भी अडानी के शेयर चमके

गौरतलब है कि शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की सात में से पांच कंपनियों के शेयरों में तेजी दिख रही है। अडानी पावर और अडानी विल्मर के शेयरों में चार फीसदी से अधिक तेजी आई। अडानी पावर के शेयर ने तो अपर सर्किट छू लिया और इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप एक लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। वह यह मुकाम हासिल करने वाली अडानी ग्रुप की छठी कंपनी बन गई है। अडानी पावर के शेयर में पिछले एक महीने में 109 फीसदी तेजी आई है। कंपनी के शेयरों में इस महीने 46 फीसदी और इस साल 165 फीसदी से अधिक तेजी आई है। सोमवार को बीएसई पर यह 4.71 फीसदी तेजी के साथ 271.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके साथ ही इसका मार्केट कैप 1,04,658.04 करोड़ रुपये पहुंच गया।

मुकेश अंबानी आठवें पायदान पर पहुंचे

एक ओर जहां अब गौतम अडानी अरबपतियों की सूची में लंबी छलांग लगा रहे हैं, तो इसमें शामिल दूसरे भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी भी अपनी हैसियत को बढ़ाते जा रहे हैं। मुकेश अंबानी 103.5 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, फेसबुक के मार्क जकरबर्ग लगातर नीचे खिसकते जा रहे हैं। टॉप -10 की सूची से तो वह पहले ही बाहर हो गए थे, अब उनकी संपत्ति और भी कम हो गई है और 66.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ जकरबर्ग 19वें पायदान पर खिसक गए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *