मानव व्यवस्था बिना श्रम के टिकी नहीं रह सकती: टीएस सिंहदेव


अंबिकापुर। ट्रेड यूनियन कौंसिल छत्तीसगढ़ द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान अति उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 लोगों को श्रम-श्री सम्मान से नवाजा गया।
माता राजमोहिनी देवी भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि श्रम के संबंध में हमेशा से संवेदनशील स्थिति रही है। इसमें कोई दो बात नहीं कि मानव व्यवस्था बिना श्रम के टिकी नहीं रह सकती। परिवार, समाज, देश हो या दुनिया सभी श्रम पर टिके हुए हैं। हमेशा से श्रम और पूंजी का संघर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी जगह पर श्रम करता है। सभी के योगदान का सही आंकलन हो सके, सदियों से हर व्यवस्था में एक संघर्ष का अध्याय बना रहा। सभी जगह एक बड़ी पूंजी पब्लिक के टैक्स से पैसे के रूप में सरकार के पास आती है और सरकार श्रम करने वालों को उचित राशि दिलाने का प्रयास करती है परंतु अभी भी अंतर अस्वीकार बना हुआ है। यह हम सबकी जिम्मेदारी और कर्तव्य है, चाहे वह जनप्रतिनिधित्व का कार्य हो या फिर स्वयं का कार्य श्रम करने वालों को जो राशि हम उपलब्ध करा पाते हैं, वह अपने परिवार का पालन-पोषण एक न्यूनतम स्तर पर कर सके, इस ओर पहल करने की आवश्यकता है। इस मौके पर विधायक व ट्रेड यूनियन काउंसिल के जिलाध्यक्ष गुलाब कमरो, बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रांताध्यक्ष डॉ.जेपी श्रीवास्तव, महिला आयोग की सदस्य नीता विश्वकर्मा सहित अन्य अन्य संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, द्वितेंन्द्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, प्रमोद चौधरी, आशीष वर्मा, ओनिमेष सिन्हा, अशफाक अली, दुर्गेश गुप्ता सहित काफी संख्या में ट्रेड यूनियन काउंसिल के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।
रसोइयों के मानदेय में होनी चाहिए बढ़ोतरी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रसोइयों को मनरेगा के माध्यम से प्राप्त होने वाली मजदूरी से भी कम मानदेय हम दे पा रहे हैं, ऐसे बच्चे जिन्हें हम अपना भविष्य कहते हैं और जो उनका लालन-पालन कर रहे हैं, उनके साथ यह अन्याय है। सरकार को निश्चित रूप से उनके मानदेय में बढ़ोतरी के लिए विचार करना चाहिए। बजट के बाद अब सप्लीमेंट्री बजट ही एक जुगाड़ है। इसके लिए आप सभी प्रयास करें, मैं भी पहल करूंगा।
इन्हें मिला श्रम श्री अलंकरण
श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिला प्रशासन से पीलन राम, पुलिस विभाग से अनिल तिर्की, नगर निगम से शिवनारायण, स्वास्थ्य विभाग से इंदु कुशवाहा, एसएलआरएम से सुनीता साखरेल, मैनपाट से गेलेक ग्यलेसन, दशमेश स्कूल से प्रेम मुनि गाइन, रसोईया संघ से चिंतामणि दास, नर्सिंग कॉलेज से पवन कुमार त्यागी, स्वच्छता विभाग से संगीता गुप्ता व राजपुर से बिगन राम को श्रम श्री अलंकरण से सम्मानित किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *