
अम्बिकापुर / जिले में खरीफ सीजन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य में अब तक 21 हजार 406 किसानों से 45 हजार 692 मैट्रिक टन धान की खरीदी की गई है जिसके एवज में 176 करोड़ 22 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। जिले में इस वर्ष 43 उपार्जन केन्द्रों धान की खरीदी की जा रही है। किसान इन उपार्जन केन्द्रों में सुगमता के साथ धान बेच रहे हैं और एक सप्ताह में उनके खाते में राशि जमा हो जा रही है। सभी केन्द्रों धान खरीदी की प्रक्रिया तेज गति से चल रहा है।
धान खरीदी केन्द्र नमनाकला (सरगंवा) में प्रतिदिन लगभग 10 किसान धान बेचने के लिए धान पहुंच रहे हैं। समिति में बारदाना की आपूर्ति लगातार बनी हुई है। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या नही हो रही है। नमनाकला खरीदी केन्द्र में आज धान बेचने आये कंचनपुर के किसान रामकुमार ने बताया कि वह दूसरी बार धान बेचने आया है। पहली बार 80 क्विंटल तथा आज 101 क्विंटल बेचा है। उन्होंने बताया कि मुझे धान बेचने में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। शासन की धान खरीदी प्रक्रिया बहुत आसान है।

धान खरीदी केंद्र नमनाकला (सरगंवा) में 6 दिसम्बर तक 13 हजार 326 क्विंटल धान खरीदी किया गया है जिसमे से 3 हजार 520 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत कुल 665 किसान पंजीकृत हैं जिनके द्वारा 945 हेक्टेयर भूमि में खेती की जाती है। यहां पर लगभग 35 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। समिति के अंतर्गत 23 गाँव के किसान धान बेचने आते हैं।
कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने पारदर्शितापूर्ण धान खरीदी के लिए समिति प्रबंधकों, जिला विपणन अधिकारी, खाद्य अधिकारी तथा जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने समितियों तथा मिलर्स के द्वारा बारदाना जमा करने हेतु सख्त निर्देश दिए हैं। इस वर्ष जिले के 43 उपार्जन केन्द्रों के अंतर्गत 38 हजार 419 किसान पंजीकृत हैं।